डीएम एसपी ने मुहर्रम कमिटी के साथ बैठक किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 27, 2026
- 4 views
रोहतास।जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में मोहर्रम पर्व-2026 के अवसर पर शनिवार को विधि-व्यवस्था संधारण हेतु मरकजी मोहरर्म कमिटी, अनुज्ञप्तिधारी (ताजिया अखाड़ा) एवं नगर पूजा समिति के साथ एक आवश्यक बैठक की गयी। बैठक में पुलिस अधीक्षक, रोहतास सहित वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी मरकजी मोहर्रम कमिटी, अनुज्ञप्तिधारी (ताजिया अखाड़ा) के खलीफाओं एवं नगर पूजा समिति के सदस्यों का स्वागत करते हुए की गई। उन्होंने उन सभी अनुज्ञप्तिधारी खलीफाओं की सराहना की, जिन्होंने प्रशासन द्वारा निर्धारित समय एवं अनुज्ञप्ति की शर्तों का पालन करते हुए समय पर ताजिया का पहलाम किया। वहीं जिन अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा निर्धारित समय-सीमा एवं शर्तों का पूर्ण अनुपालन नहीं किया गया, उनके संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि मोहर्रम आस्था, अनुशासन एवं सामाजिक सौहार्द का पर्व है। इसके सफल आयोजन में प्रशासन के साथ-साथ मरकजी मोहर्रम कमिटी, ताजिया अखाड़ों के खलीफाओं एवं आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समय पर पहलाम करने वाले सभी खलीफाओं की प्रशंसा करते हुए अपेक्षा जताई कि आगे भी सभी लोग प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित नियमों एवं समय-सीमा का अक्षरशः पालन करेंगे।
बैठक में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद के अनुज्ञप्तिधारियों एवं खलीफाओं को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने ताजिये को निर्धारित समय पर शहर के तकिया मुहल्ला के ताजिये के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पहलाम करें, ताकि जुलूस का संचालन व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से हो सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
सभी मरकजी मोहर्रम कमिटी, अनुज्ञप्तिधारी(ताजिया अखाड़ा) के खलीफाओं को निर्देश दिया गया कि जुलूस के दौरान किसी भी परिस्थिति में अनावश्यक रूप से रास्ते में नहीं रुकेंगे तथा लगातार आगे बढ़ते हुए अनुज्ञप्ति में निर्धारित मार्ग एवं समय-सीमा का पालन करते हुए ताजिये का पहलाम सुनिश्चित करेंगे। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि शाम 6:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक निर्धारित अवधि के भीतर यदि किसी अनुज्ञप्तिधारी द्वारा लाइसेंस की शर्तों एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन नहीं किया जाता है तथा उसके कारण कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अनुज्ञप्तिधारी खलीफा की होगी।
पुलिस अधीक्षक, रोहतास ने बैठक में कहा कि जिले के सभी संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जुलूस मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कमेटियों से प्रशासन के साथ सतत समन्वय बनाए रखने एवं किसी भी समस्या की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों से ताजिया जुलूस नहीं गुजरता है, वहां अनावश्यक रूप से बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाए। वहीं जिन क्षेत्रों से ताजिया जुलूस गुजर चुका हो, वहां आवश्यक जांच एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी मरकजी मोहर्रम कमिटी, ताजिया अखाड़ों के खलीफाओं, नगर पूजा समिति के प्रतिनिधियों एवं जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है तथा सभी के सहयोग से मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।


रिपोर्टर