लू एवं भीषण गर्मी से रहें सावधान


रोहतास। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला प्रशासन, रोहतास ने आमजनों से अपील करते हुए कहा है कि गर्म हवाओं एवं लू के प्रभाव से बचने के लिए सभी नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। प्रशासन द्वारा लोगों को सतर्क रहने तथा आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है, ताकि लू एवं अत्यधिक गर्मी के दुष्प्रभाव से बचा जा सके।

वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं एवं बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। 

गर्मी के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। हल्के रंग के, ढीले-ढाले एवं सूती वस्त्र पहनें। भोजन में हल्का एवं पौष्टिक आहार लें तथा तरबूज, खरबूजा सहित पानी युक्त फलों का सेवन करें। इसके अलावा सत्तू, पुदीना, सौंफ एवं खस जैसे पारंपरिक खाद्य पदार्थों को भी दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी गई है।

यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, सिरदर्द या तबीयत खराब होने जैसी समस्या महसूस हो तो तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें। प्रशासन द्वारा बताया गया है कि लू लगने के प्रमुख लक्षणों में चक्कर आना, घबराहट होना, दिल की धड़कन तेज होना, अत्यधिक पसीना आना, सिरदर्द, बेहोशी, तेज बुखार, शरीर की त्वचा का अत्यधिक गर्म हो जाना एवं जी मिचलाना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए तथा तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला नहीं छोड़ने, घर एवं कार्यस्थल को यथासंभव ठंडा रखने तथा बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखने की भी सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति में लोग सहायता हेतु टोल फ्री नंबर 101 एवं 112 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं समाहरणालय रोहतास में स्थापित कंट्रोल रूम के नंबर 06184-226072 एवं 06184-226093 पर भी सहायता के लिए संपर्क करने की अपील की गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट