कुदरा प्रखंड मुख्यालय में तीन दिवसीय सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर, 200 से अधिक समस्याओं का हुआ निष्पादन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 18, 2026
- 4 views
केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर, 1 जुलाई को लगेगा निःशुल्क दिव्यांगता प्रमाणपत्र शिविर
कुदरा (कैमूर)-- 18 जून। कुदरा प्रखंड मुख्यालय परिसर में 16, 17 एवं 18 जून तक आयोजित तीन दिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए। शिविर का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तथा लंबित आवेदनों एवं भुगतानों का त्वरित निष्पादन करना रहा। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। लाभुकों के आवेदन, भुगतान, प्रमाणपत्र, पेंशन, कल्याणकारी योजनाओं तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अगले 30 दिनों के भीतर निष्पादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार दोपहर 2 बजे तक शिविर में शामिल 17 विभागों के माध्यम से लगभग 200 लोगों की समस्याओं का निष्पादन किया जा चुका था। इससे आम लोगों में संतोष देखा गया तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर पहुंचे। इस अवसर पर लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा पात्र लाभुकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। शिविर के दौरान आगामी 1 जुलाई 2026 को कुदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित होने वाले निःशुल्क दिव्यांगता प्रमाणपत्र शिविर की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर पहुंचकर आवश्यक जांच कराएं और दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनवाने का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में नीलिमा कुमारी (प्रखंड परियोजना प्रबंधक, जीविका), सुकेश कुमार (प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सह शिक्षा पदाधिकारी) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रीता कुमारी भी शिविर में उपस्थित रहीं और स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी लोगों को दी।
ग्रामीणों ने इस प्रकार के शिविरों को जनहित में उपयोगी बताते हुए कहा कि एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिलने से समय और संसाधनों की बचत हो रही है तथा समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी तेज हुई है।


रिपोर्टर