डीएम के जनता दरबार में 17 मामले आए
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 05, 2026
- 4 views
रोहतास ।जिला पदाधिकारी, रोहतास के द्वारा 'सबका सम्मान - जीवन आसान (Ease of Living)' के तहत जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 17 व्यक्तियों के द्वारा अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन पत्र दिया गया।
जिसमें दिनारा अंचल के बिसीकलां पंचायत अंतर्गत बेलहन गांव निवासी जितेन्द्र कुमार ओझा ने कुछ लोगों द्वारा उनके घर के निकास मार्ग एवं सरकारी अनावाद सर्वसाधारण गली में बहने वाली नाली को जबरन बंद किए जाने की शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई हेतु अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज को निर्देशित किया।
वहीं, ऑल इंडिया गद्दी समाज के बिहार उपाध्यक्ष मो. सलीम अहमद एवं रोहतास जिले के घोसी/गद्दी समाज के प्रतिनिधियों ने घोसी/गद्दी समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने संबंधी आवेदन सौंपा। इस मामले के निष्पादन हेतु जिला कल्याण पदाधिकारी, रोहतास को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा मध्य विद्यालय गरूरा, सासाराम की शिक्षिका ज्योति सोनी ने अपने पति रणजीत कुमार (परिचारी) की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति एवं स्पाउस ग्राउंड नीति के तहत मुख्यालय के अंतर्गत किसी कार्यालय में स्थानांतरण कराने का अनुरोध किया। जिला पदाधिकारी ने आवेदन पर विचार करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।
जनता दरबार में प्राप्त अन्य सभी शिकायतों एवं आवेदनों को भी जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को भेजते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


रिपोर्टर