मोहनिया में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का शिकंजा, चांदनी चौक से हटाए गए ठेले और कब्जे
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 03, 2026
- 5 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर:-- जिले के मोहनिया शहर में सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को एसडीपीओ गोपाल कृष्णा और एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी के नेतृत्व में संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए चांदनी चौक क्षेत्र में सड़क पर लगाए गए ठेले, अस्थायी दुकानें तथा अन्य अवैध निर्माण हटवाए गए। प्रशासन की यह कार्रवाई उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से की जा रही है। अभियान के दौरान चांदनी चौक के आसपास करीब 100 मीटर के दायरे में सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बताया कि सड़कों पर अवैध कब्जा और बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन अक्सर जाम का कारण बनते हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है ताकि वे स्वयं नियमों का पालन करें और सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करें। वहीं एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों पर अब तक 14 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन के अनुसार अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर