कुदरा में महिला व उसकी बेटी पर हमला, लोहे की रॉड और डंडे से मारपीट का आरोप
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 26, 2026
- 55 views
घायल बेटी को पहले सीएचसी, फिर सदर अस्पताल रेफर; आरोपियों पर जान से मारने व पढ़ाई बर्बाद करने की धमकी देने का भी आरोप
संवाददाता रूपेश दूबे की रिपोर्ट
कैमूर-- जिला के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अजगरी गांव में रविवार को आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़िता संध्या देवी ने थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना दिनांक 26 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10 बजे की है। संध्या देवी अपने घर के किचन के दरवाजे पर खड़ी थीं, तभी गांव के ही कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि रुचि देवी, अरुण दुबे, सुनील चौबे एवं झूना पांडेय ने मिलकर लोहे की रॉड और डंडे से मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक, हमलावरों ने उनकी बेटी प्रिया दुबे के बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा। इस दौरान प्रिया के हाथ में गंभीर चोट आई, जिसमें कट लगने के साथ सूजन भी हो गई। घटना के बाद घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुदरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे सदर अस्पताल, भभुआ रेफर कर दिया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी दी और बच्चों की पढ़ाई बर्बाद करने की बात कही, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है।पीड़िता ने कुदरा थाना अध्यक्ष से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस का पक्ष:
इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर