नल-जल योजना ठप, पानी के लिए तरस रहे वार्ड-3 के लोग
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 05, 2026
- 8 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
घटाओं पंचायत में पाइपलाइन नहीं बिछने से 150–200 घर प्रभावित, पीएचईडी विभाग को दिया आवेदन
कैमूर:-- जिले के कुदरा प्रखंड अंतर्गत घटाओं पंचायत के वार्ड संख्या 3 में नल-जल योजना की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड में पानी की टंकी स्थापित होने के बावजूद आज तक किसी भी घर तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, जिससे योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार वार्ड में लगभग 150 से 200 घर हैं, लेकिन अब तक किसी भी घर में नल-जल का कनेक्शन नहीं दिया गया है। स्थिति यह है कि पूरे वार्ड में न तो हैंडपंप की सुविधा उपलब्ध है और न ही कोई समर्सिबल बोरिंग। ऐसे में बढ़ते तापमान के बीच लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी की समस्या और भी विकराल हो गई है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।आक्रोशित ग्रामीणों ने एकजुट होकर जिला पीएचईडी विभाग को आवेदन देकर जल्द से जल्द पाइपलाइन बिछाने और नल-जल योजना को चालू करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है और आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाएगी।


रिपोर्टर