कैमूर में 11 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट संदिप कुमार


कैमूर:- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार (3 अप्रैल 2026) की सुबह की गई। पुलिस अधीक्षक ने पत्रकार वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 4:55 बजे कुदरा थाना की गश्ती टीम को सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति ट्रॉली बैग में गांजा लेकर सबरी के रास्ते चेनारी की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पु०अ०नि० नन्दू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक पर रखे ट्रॉली बैग से गांजा के 11 पैकेट बरामद किए गए। बरामद गांजा का कुल वजन 11.73 किलोग्राम बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये है। पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल (नंबर BR24AF7460) भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश पाण्डेय (27 वर्ष), निवासी जगीनियापुरा, थाना जमनिया, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) तथा प्रिंस कुमार जायसवाल (28 वर्ष), निवासी वार्ड संख्या 13, चेनारी, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में कुदरा थानाध्यक्ष नन्दू कुमार के साथ पु०अ०नि० पूनम कुमारी, पु०अ०नि० विजय कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट