जलवायु अनुकूल खेती के अंतर्गत मूंग फसल का प्रत्यक्षण
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Mar 30, 2026
- 6 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर ---- कृषि विज्ञान केंद्र, शिवहर द्वारा जलवायु अनुकूल खेती कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के चयनित पाँच गाँव—मिनापुर बलहा, नयागांव, सुगिया कटसरी, दोस्तिया एवं बिसंभरपुर—में मूंग फसल पर प्रशिक्षण एवं प्रत्यक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ज्ञात हो कि इन पाँचों गाँवों का चयन कृषि विज्ञान केंद्र, शिवहर द्वारा जलवायु अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों से अवगत कराना एवं मूंग की उन्नत खेती को प्रोत्साहित करना है। इसी क्रम में इन पाँचों गाँवों में लगभग 250 किसानों के बीच मूंग फसल का प्रत्यक्षण एवं प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान किसानों को उन्नत किस्म के बीज, बीजोपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा वैज्ञानिक विधियों से खेती की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. सौरभ पटेल ने अपने वक्तव्य में कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए मूंग जैसी दलहनी फसलों का महत्व और भी बढ़ गया है। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।
वहीं, डॉ. अनुराधा रंजन कुमारी, वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान, ने कहा कि मूंग की खेती न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक है, बल्कि यह मृदा की उर्वरता को भी सुधारती है, जिससे अगली फसलों को भी लाभ मिलता है।
कार्यक्रम में रवि शंकर ने किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों एवं उनके उपयोग के बारे में जानकारी दी, जबकि रवि रंजन, तकनीकी सहयोगी, ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह पहल क्षेत्र में टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


रिपोर्टर