गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 68 लीटर देसी शराब के साथ 11 गिरफ्तार

 संवाददाता प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गया-- वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिनांक 05 फरवरी 2026 को चलाए गए अभियान में कुल 68 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की गई तथा 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के सेवन, निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने हेतु सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई। बेलागंज थाना पुलिस द्वारा छापेमारी कर 10 लीटर देसी महुआ शराब के साथ 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में कांड संख्या 55/26, दिनांक 05.02.2026 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

वजीरगंज थाना पुलिस ने 8 लीटर देसी महुआ शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। वहीं अलीपुर थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में 50 लीटर देसी महुआ शराब के साथ 6 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई।

पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में इस पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट