अधिवक्ता अजय कुमार सिन्हा के निधन पर न्यायिक जगत में शोक की लहर, अदालती कामकाज ठप
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 17, 2026
- 39 views
जिला संवाददाता संदिप कुमार
कैमूर:-- जिला अधिवक्ता संघ भभुआ के वरिष्ठ सदस्य और पूर्व कोषाध्यक्ष अजय कुमार सिन्हा (66 वर्ष) के आकस्मिक निधन से शनिवार को जिले के न्यायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सम्मान में जिला अधिवक्ता संघ और न्यायिक पदाधिकारियों द्वारा अलग-अलग शोक सभाएं आयोजित की गई, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने खुद को न्यायिक कार्यों से विरत रखा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (16 जनवरी) को दोपहर करीब 12:30 बजे अधिवक्ता अजय कुमार सिन्हा सिविल कोर्ट भभुआ की नई बिल्डिंग के तीसरे तल पर स्थित एसीजेएम पंचम डॉ. शैल की अदालत में अपने मुवक्किल के कार्य के लिए गए थे। वहीं कुर्सी पर बैठे-बैठे वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल सदर अस्पताल भभुआ ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
शनिवार को जिला अधिवक्ता संघ के सभागार में अध्यक्ष रवींद्रनाथ चौबे की अध्यक्षता में शोक सभा हुई। मंटू पाण्डेय ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्व. सिन्हा पिछले 35 वर्षों से नियमित वकालत कर रहे थे और संघ के कोषाध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। शोक सभा में दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। मौके पर लल्लन जी पाण्डेय, अजीत कुमार सिंह, अनिल कुमार, सच्चिदानंद राय, गिरीश कुमार श्रीवास्तव, अंजनी कुमार पाण्डेय, आदित्य नारायण प्रसाद सहित सैकड़ों अधिवक्ता उपस्थित थे।
शाम 4:00 बजे प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे प्रथम) बलजिंदर पाल के प्रकोष्ठ में भी एक शोक सभा आयोजित की गई। इसमें न्यायिक पदाधिकारियों और वकीलों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान एडीजे अजीत कुमार मिश्रा, प्रमोद कुमार पाण्डेय, अनिल कुमार ठाकुर, अरुण तिवारी, सब जज प्रथम हेमा कुमारी के साथ-साथ अधिवक्ता लल्लन जी पाण्डेय, मंटू पाण्डेय, अमरेंद्र कुमार सिन्हा, सुनील कुमार उपाध्याय व अन्य उपस्थित रहे।
उधर, मोहनिया अनुमंडल सिविल कोर्ट में भी अजय कुमार सिन्हा के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। यहाँ विष्णु शंकर राय, प्यारे सिंह, दिग्विजय दुबे, अशोक कुमार पाण्डेय, वीरेंद्र कुमार सिंह, भोला जी सिंह, विनय कुमार सिंह और रविकांत चौबे सहित कई अधिवक्ताओं ने उनके निधन को अधिवक्ता संघ के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उनके निधन के सम्मान में शनिवार को जिले भर के अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से पूरी तरह अलग रहे।


रिपोर्टर