
बीकापुर में बसपा को बढत मिलने की जताई जा रही सम्भावना
- देवराज मिश्र, ब्यूरो चीफ अयोध्या
- Feb 21, 2022
- 483 views
अन्य दलों के समर्थकों द्वारा भी चुनाव में जीत का किया जा रहा दावा ...
ब्राह्मण मत खिसकने से भाजपा को लग सकता है झटका
बीकापुर, अयोध्या ।। विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी देवकाली मंदिर अयोध्या के महंत सुनील पाठक मुख्य चुनावी मुकाबले में हो गए हैं। बीकापुर में सबसे अधिक संख्या दलित मतदाताओं की है। इसके अलावा करीब 50,000 ब्राह्मण मतदाता शामिल हैं।
बसपा के पारंपरिक दलित मतदाताओं के अलावा बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण मतदाता निर्णायक माने जाते हैं। चुनाव में बसपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नुक्कड़ सभाओं के अलावा विधानसभा क्षेत्र के तमाम जगहों पर डोर टू डोर जनसंपर्क किया जा रहा है। अभी तक बीकापुर में चुनावी लड़ाई त्रिकोणात्मक बताई जा रही थी। लेकिन अब ब्राह्मण मतदाताओं का आकर्षण सुनील पाठक के प्रति बढ़ रहा है।
बसपा प्रत्याशी सुनील पाठक को अन्य बिरादरी के मतदाताओं का समर्थन भी मिलने की संभावना जताई जाने लगी है। सत्ता विरोधी मत भी अपने पाले में करने के लिए बसपा से जुड़े लोग जुटे हुए हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। सपा प्रत्याशी फिरोज खान गब्बर भी मुख्य मुकाबले में शामिल है। सपा के पारंपरिक मतों के अलावा सपा के घोषणा पत्र के सहारे अपनी जीत को सुनिश्चित मानकर चल रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी डॉ अमित सिंह चौहान को भाजपा के परंपरिक मतों, भाजपा की जन कल्याणकारी योजनाओं तथा पिछले 5 वर्ष में कराए गए विकास कार्य के चलते हर वर्गों का समर्थन मिलने की उम्मीद उनके समर्थकों द्वारा जताई जा रही है। बसपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं द्वारा बसपा के पारंपरिक मतों को सहेजने एवं बिखरने से रोकने के लिए गांव गांव बसपा से जुड़े कैडर के लोगों की बैठक करके पूरा जोर लगाया जा रहा है।
यदि बसपा समर्थकोंं का दावा सही हुआ तो बसपा एक बार फिर बीकापुर में 2007 का इतिहास दोहरा सकती है। विधानसभा 2007 के चुनाव में बीकापुर से बसपा के टिकट पर जितेंद्र सिंह बबलू चुनाव जीते थे। तब तारुन विकासखड क्षेत्र भी बीकापुर विधानसभा में शामिल था लेकिन 2012 में नए परिसीमन के बाद भौगोलिक समीकरण बदला है। कांग्रेस केे युवा प्रत्याशी अखिलेेेश यादव के समर्थक भी चुनाव परिणाम को अपने पक्ष में बता रहे हैं। तथा सभी वर्गों का समर्थन मिलने का दावा कर रहे हैं।
रिपोर्टर