मजिस्ट्रेट ने परीक्षा देने से रोका तो महिला ने सेंटर पर किया हंगामा

अयोध्या ।। पहली पाली में अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) देने आई महिला ने परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा काटा। मजिस्ट्रेट ने सेंटर में घुसने ही नहीं दिया। इसके बाद केंद्र के बाहर महिला और उसका पति अधिकारियों के सामने खूब गिड़गिड़ाया, लेकिन उसे परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी गई। आरोप है कि इस बीच पुलिस वालों ने महिला के पति के साथ अभद्रता भी की।

सहादतगंज निवासी अभिनव श्रीवास्तव ने बताया कि वह खुद पेशे से एक शिक्षक हैं। वह अपनी पत्नी सरिता को टीईटी दिलवाने कनौसा गर्ल्स कॉलेज में पहुंचे थे। इस दौरान मजिस्ट्रेट आलोक त्रिपाठी ने सरिता की मार्क्सशीट को गलत बताते हुए कहा कि इसके प्रप्तांक में छेड़खानी की गई है। यह कहते हुए सरिता को परीक्षा केंद्र में नहीं घुसने दिया। इसके बाद सरिता व उसके पति ने अफसरों से काफी मिन्नतें की, लेकिन वह नहीं माने। अभिनव का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ काफी अभद्रता की और कपड़े फाड़ दिए।

अभिनव ने बताया कि पुलिस ने कहा कि अगर ज्यादा चीख-पुकार मचाओगे तो विभिन्न धाराओं में जेल में डाल दूंगा। इसके बाद दोनों पति-पत्नी घर को लौट आए। अभिनव ने बताया कि उसकी पत्नी ने 2013 में खजुराहट के विराट डिग्री कॉलेज से बीएड किया था। मार्क्सशीट खो जाने के बाद दूसरी बनवाई गई थी, जिससे सीटेट का पेपर भी दिया था, लेकिन मजिस्ट्रेट ने आज पेपर नहीं देने दिया।

थाना कैंट प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि महिला की मार्क्सशीट में छेड़खानी हुई थी। इसलिए उसे पेपर देने से मना किया गया था। उसके पति द्वारा लगाया गया अभद्रता का आरोप पूरी तरह निराधार है। परीक्षा केंद्र पर महिला के हंगामे वाली वीडियो पूरे दिन वायरल होती रही। वहीं दो दिन से हो रही बरसात के कारण कई अभ्यर्थी अध्यापक पात्रता परीक्षा देने से वंचित रह गए। कुछ तो लापरवाही के कारण ही सेंटर पर नहीं पहुंच पाए थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट