रामनगरी अयोध्या से राजा भइया ने कर दिया चुनावी शंखनाद, किया जन संकल्प यात्रा का प्रारम्भ

अयोध्या ।। रामनगरी अयोध्या से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया ने जन संकल्प यात्रा की शुरूआत कर दी है। राजा भइया भी यूपी 2022 विधानसभा चुनाव के चुनावी मैदान में कमर कसकर उतर चुके हैं। प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने तैयारियां शुरू कर दी है।इसी कड़ी में राजा भइया भी मंगलवार को राम नगरी अयोध्या पहुंचे।राजा भइया ने राम जन्मभूमि में रामलला के दर्शन कर राम नगरी अयोध्या से चुनावी शंखनाद किया है।

कुंडा बेती राजभवन से आज राजा भइया लगभग 600 से गाड़ियों के काफिले के साथ जन संकल्प यात्रा निकाली। राजा भइया का प्रतापगढ़ से लेकर राम नगरी अयोध्या तक जगह-जगह जोरदार स्वागत हुआ।

राजा भइया ने कहा कि 30 नवंबर 2018 को जनसत्ता दल की स्थापना हुई थी। चुनाव को देखते हुए यात्रा,जनसभा, रैली अब शुरू करने का इरादा है।

राजा भइया ने कहा कि हमारा उद्देश्य समान विचारधारा वाले लोगों को और विशेष रूप से युवाओं को पार्टी में लाना है। हम लोगों की सेवा करना चाहते हैं,न कि उन पर शासन करना है।पूरे प्रदेश में जनसेवा संकल्प के नाम से जनसंर्पक किया जाएगा।अयोध्या से इसकी शुरूआत की है।

राजा भइया ने कहा कि यूपी 2022 विधानसभा के चुनावी महासमर में वो भी पूरे प्रदेश में ताल ठोकेंगे। अयोध्या से शुरू होने वाली उनकी जन संकल्प यात्रा इसी का आगाज है।

आपको बता दें कि राजा भइया 1993 से कुंडा से निर्दलीय विधायक हैं और मौजूदा समय में विधायक के रूप में अपने छठे कार्यकाल में हैं।

राजा भइया कल्याण सिंह, राम प्रकाश गुप्ता, राजनाथ सिंह, मुलायम सिंह और अखिलेश यादव की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट