खरेंदा पंचायत के दो विद्यालयों में चोरी का आरोप, एक में एक लाख रुपये बरामद
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 12, 2026
- 7 views
संवाददाता सुचित पाण्डेय की रिपोर्ट
रामपुर (कैमूर)----- प्रखंड के खरेंदा पंचायत अंतर्गत दो विद्यालयों में गुरुवार की रात चोरी का मामला प्रकाश में आया है। सूचना मिलते ही बेलांव थाने की पुलिस दोनों विद्यालयों में पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं खरेंदा पंचायत के उपमुखिया अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ सोनू सिंह भी विद्यालय परिसर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
पहला मामला उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पुनाव का है। प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने बताया कि विद्यालय कार्यालय की खिड़की तोड़कर गोदरेज में रखा ₹1,00,000 नकद चोरी कर लिया गया था।
हालांकि, बेलांव थाना प्रभारी परमहंस कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने फोन कर घटना की सूचना दी थी। बाद में उक्त एक लाख रुपये विद्यालय कार्यालय के गोदरेज से ही मिल गया है ।दूसरा मामला न्यू प्राथमिक विद्यालय, हरदीपुर सोनव (पश्चिम पट्टी) का है। विद्यालय की शिक्षिका ने बताया कि रसोईघर का ताला तोड़कर बच्चों के भोजन के लिए रखी 80 थालियां तथा प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चों का खाना बनाने के लिए लाया गया निजी गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया है।
इस संबंध में बेलांव थाना प्रभारी परमहंस कुमार ने बताया कि दोनों विद्यालय के द्वारा अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर