मुख्य सचिव ने डीएम के साथ की विडियो कांफ्रेंसिंग बैठक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 03, 2026
- 4 views
रोहतास।मुख्य सचिव,बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी,जिसमें राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों ने भाग लिया। रोहतास से जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र के साथ उप विकास आयुक्त,सिविल सर्जन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना, विद्युत आपूर्ति,वेजफेड,टीबी मुक्त भारत अभियान,लंबित एसआईआर,राशन कार्ड,हर घर तिरंगा अभियान सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी। विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिवों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजनाओं की वर्तमान स्थिति और उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्य सचिव ने विभागवार समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी मिश्र ने प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए विद्युत वितरण कंपनियों,बैंक प्रतिनिधियों एवं कार्य एजेंसियों को बैंक ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, अनावश्यक अस्वीकृतियों में कमी लाने तथा लाभुकों को समय पर ऋण स्वीकृति एवं सब्सिडी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत घर-घर स्क्रीनिंग अभियान की जानकारी दी गयी। बताया गया कि आशा कार्यकर्ता,एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मी संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर समय पर जाँच एवं उपचार सुनिश्चित कर रहे हैं। साथ ही चिन्हित टीबी मरीजों को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत योजना के अंतर्गत पोषण किट उपलब्ध करायीजा रही है। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा'अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गयी। प्रत्येक परिवार तक राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक घरों एवं संस्थानों में तिरंगा फहराने पर बल दिया गया। अभियान के तहत तिरंगा वितरण,तिरंगा यात्रा,बाइक एवं साइकिल रैली,तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता,सेल्फी विद तिरंगा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। साथ ही विद्यालयों,महाविद्यालयों,जीविका स्वयं सहायता समूहों,ग्राम पंचायतों,पैक्स,एनसीसी, एनएसएस,युवा संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। जिला पदाधिकारी ने राशन कार्ड निर्माण एवं नाम जोड़ने के विशेष अभियान में पात्र परिवारों की शीघ्र पहचान कर सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा लंबित सीएमआर की आपूर्ति निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके अलावे सभी विभागीय अधिकारियों को प्रतिदिन योजनाओं की समीक्षा कर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये।


रिपोर्टर