फरवरी 2027 में मगध विश्वविद्यालय में फिर होगी अग्निवीर भर्ती रैली, तैयारियां शुरू
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 31, 2026
- 15 views
भर्ती निदेशक कर्नल आर. मदन मोहन ने कुलपति से की मुलाकात, विश्वविद्यालय ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी---- मगध विश्वविद्यालय परिसर एक बार फिर भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली का साक्षी बनने जा रहा है। फरवरी 2027 में प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली के आयोजन को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में दक्षिण बिहार सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती निदेशक कर्नल आर. मदन मोहन ने मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी से शिष्टाचार मुलाकात कर भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने कर्नल आर. मदन मोहन का अंगवस्त्र एवं बोधि पत्र भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं राष्ट्रसेवा से जोड़ने में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
कर्नल आर. मदन मोहन ने बताया कि वर्ष 2026 में 3 मार्च से 20 मार्च तक मगध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में दक्षिण बिहार के 11 जिलों के हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। चयनित अभ्यर्थियों में से लगभग 82 प्रतिशत वर्तमान में भारतीय सेना के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें 234 अभ्यर्थी बिहार रेजिमेंटल सेंटर, दानापुर में प्रशिक्षणरत हैं।
उन्होंने वर्ष 2026 की भर्ती रैली के सफल आयोजन में मगध विश्वविद्यालय प्रशासन एवं गया जिला प्रशासन द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना की। साथ ही तत्कालीन कुलपति प्रो. शशि प्रताप शाही तथा जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर, आईएएस के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि फरवरी 2027 में प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली के सफल आयोजन में भी विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।बैठक में मगध विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. बी.के. मंगलम तथा सूबेदार मेजर एच.एन. सिंह भी उपस्थित थे।


रिपोर्टर