अकोढी गोला मे 7990 लिटर अवैध शराब बरामद 1 गिरफ्तार मुख्य आरोपी फरार
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 12, 2026
- 22 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे की रिपोर्ट
डिहरी आनसोन(रोहतास)----अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7990.21 लीटर विदेशी और देसी शराब बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी है।
डेहरी एसडीपीओ-1 के प्रभार में गौरव कुमार यादव ने थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई 2026 की रात करीब 11:10 बजे मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग, बिहार, पटना से सूचना मिली थी कि राजपुर थाना क्षेत्र के बिसैनी कला निवासी विजय कुमार अपने तीन सहयोगियों के साथ ट्रक से शराब मंगवाकर अकोढ़ीगोला के कोल्हाई बरुणा स्थित निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखे हुए हैं।
सूचना के आधार पर अकोढ़ीगोला थानाध्यक्ष राकेश गोसाई के नेतृत्व में टीम गठित की गई। प्रखंड कृषि पदाधिकारी बलदाऊ पटेल की मौजूदगी में तलाशी के दौरान मकान से भारी मात्रा में शराब मिली। बरामद शराब में 5316 लीटर इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की, 1379.88 लीटर रॉयल स्टैग, 1176.03 लीटर रॉयल ग्रीन व्हिस्की, 72.8 लीटर रॉयल झारखंड डीलक्स लिकर, 32 लीटर छबीली स्पेशल कंट्री लिकर और 13.5 लीटर किंगफिशर बीयर शामिल है। मौके से एक लाल महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया गया।
पुलिस ने बांक वार्ड-07 निवासी प्रिंस कुमार, पिता नथुनी सेठ को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी विजय कुमार और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में अकोढ़ीगोला थाना कांड संख्या-255/26 दर्ज कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
एसडीपीओ यादव ने बताया कि 4-5 दिन पहले अकोढ़ीगोला नहर के पास लावारिस मिले ट्रक CG04LT5516 का भी इस शराब खेप से संबंध होने की आशंका है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के सदस्यों पर कई जिलों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबार में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
इस अभियान में पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, राज कुमार, वाहिद अली, राजेंद्र राय, मिथुन कुमार, विमलेश्वर कुमार चौधरी और विकास कुमार शामिल थे।


रिपोर्टर