आंध्र प्रदेश के पर्यटक की सासाराम में मौत
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 17, 2026
- 62 views
रोहतास ।जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-119 पर रविवार को सफर कर रहे आंध्र प्रदेश के एक पर्यटक की तबीयत अचानक बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिला स्थित यज्ञापेटा थाना क्षेत्र के सकला बाजार निवासी स्व. नागुलु के 76 वर्षीय पुत्र बंडारी नागेश्वर राव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बंडारी नागेश्वर राव अपनी पत्नी बांडरू गोपामा समेत पर्यटक बस से देश के विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा पर निकले थे। करीब एक सप्ताह पूर्व घर से निकले इस जत्थे में लगभग 46 लोग शामिल थे, जो 25 राज्यों के धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, जत्था जगन्नाथ पुरी और गया में पूजा-अर्चना करने के बाद रविवार की सुबह वाराणसी के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान सासाराम स्थित मां ताराचंडी मंदिर के समीप बस पहुंचते ही बंडारी नागेश्वर राव के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। साथ में मौजूद यात्रियों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल सासाराम लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में दरिगांव थानाध्यक्ष मितेश कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। हालांकि अस्पताल में मौत होने के कारण आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई।


रिपोर्टर