जनजातीय गरिमा उत्सव–2026 के सफल आयोजन हेतु लगेगा शिविर
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 17, 2026
- 41 views
रोहतास ।भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजातीय समुदायों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जनजातीय आदि न्याय महाभियान के अंतर्गत धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जनजातीय गरिमा उत्सव–2026 कार्यक्रम का आयोजन रोहतास जिले में किया जा रहा है। यह अभियान जन भागीदारी–सबसे दूर,सबसे पहले की भावना पर आधारित है।जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों के जनजातीय बाहुल्य गाँवों में 18 मई से 25 मई तक विशेष शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इन शिविरों के माध्यम से जनजातीय समुदायों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी तथा लाभुकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जायेगा।जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक प्रखंड,पंचायत एवं ग्राम-स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया जायेगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जायेगा,ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त ग्राम-स्तरीय टीमों द्वारा क्षेत्र-भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन भी किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं,बल्कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से शिक्षा,स्वास्थ्य, आवास,पेयजल,सामाजिक सुरक्षा, रोजगार एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों, जनप्रतिनिधियों,सामाजिक संगठनों एवं संबंधित अधिकारियों से अपील करते हुए कहा है कि जनजातीय गरिमा उत्सव–2026 को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करें तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें। उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय समुदाय के लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने निकट आयोजित शिविरों में पहुँचकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं योजनाओं का लाभ उठायें । उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन रोहतास जनजातीय समुदाय के विकास एवं कल्याण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। यह सुनिश्चित किया जायेगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने अभियान के सफल संचालन हेतु सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश देते हुए जनसहभागिता को इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति बताया।


रिपोर्टर