मघ निषेध की समीक्षा बैठक एसपी की अध्यक्षता में संपन्न


रोहतास।पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की अध्यक्षता में एनसीओआरडी एवं मद्य निषेध से संबंधित समीक्षात्मक बैठक जिला समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में उपस्थित वन प्रमण्डल पदाधिकारी रोहतास,जिला पंचायतीराज पदाधिकारी,जिला शिक्षा पदाधिकारी,जिला प्रोग्राम पदाधिकारी,आईसीडीएस,जिला कृषि पदाधिकारी,सिविल सर्जन, सभी सहायक औषधि नियंत्रक सहित जिला विशेष शाखा को निदेशित किया गया कि अफीम और गांजा से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त हो तो उसकी सूचना पुलिस तथा मद्य निषेध विभाग को देना सुनिश्चित करेगें। बैठक में पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग को निदेशित किया गया कि जिले में पूर्व में जहाँ पर सुषव प्राप्त हुआ है,वहाँ लगातार सघन छापामारी तथा गश्ती जारी रखी जाय। साथ ही जहाँ सुषव पकड़े जा रहे हैं,वहाँ पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कहाँ से आ रहा है,कौन ला रहा है,कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई करना सुनिश्चित करेगें। जिले में कहीं भी जहरीली शराब की घटना घटित होती है,तो उसकी सारी जिम्मेदारी सहायक आयुक्त,मद्य निषेध,संबंधित अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित थाना प्रभारी की होगी। इसके मद्देनजर सभी क्षेत्रों में सघन छापामारी,गश्ती,वाहन चेकिंग अभियान चलाना सुनिश्चित किया जाय। बैठक में बताया गया कि पुलिस विभाग एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा मार्च में शराब में संलिप्त कुल 202 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गयी है। जबकि पुलिस विभाग एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा बीते मार्च में 8078.100 लीटर शराब भी जब्त की गयी है। पुलिस विभाग एवं मद्य निषेध विभाग की कार्रवाई में मार्च तक 286 वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा तीनों अनुमण्डल के पुलिस पदाधिकारियों को निदेशित किया गया है कि प्रत्येक सप्ताह अपने-अपने अनुमण्डल अंतर्गत थाना से संबंधित लंबित अधिहरण प्रस्ताव की समीक्षा कर अविलम्ब वाहन अधिहरण प्रस्ताव जिला विधि कार्यालय को भेजा जाय। पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस विभाग एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा जब्त शराब का विनष्टीकरण प्रस्ताव 15 दिनों के अन्दर भेजने का निर्देश दिया गया है। सभी न्यायालयों से लंबित वाहनों का अधिहरण प्रस्ताव अविलम्ब निष्पादन कराने का भी निर्देश दिया गया। सभी पुलिस थानाध्यक्षों एवं उत्पाद थाना को भी निदेशित किया गया कि अपने-अपने थानान्तर्गत जब्त शराब का विनष्टीकरण प्रस्ताव एवं वाहन अधिहरण प्रस्ताव एक सप्ताह के अन्दर समर्पित करना सुनिश्चित करेंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट