दुर्गावती बाजार में चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमण हटाकर दिलाई राहत

दुर्गावती संवाददाता श्याम सुंदर पांडेय कि रिपोर्ट

दुर्गावती (कैमूर):-- स्थानीय प्रखंड के दुर्गावती बाजार में बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। पूर्व निर्धारित समय-सीमा 31 मार्च तक अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के बाद 1 अप्रैल को यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सका। जानकारी के अनुसार, बाजार क्षेत्र में सर्विस लेन पर लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा सब्जी ठेला, खुमचा और अन्य अस्थायी दुकानें लगाकर अतिक्रमण किया गया था। इससे आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए चेतावनी जारी की थी।


हालांकि, चेतावनी के बाद कुछ लोगों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटा लिया था, लेकिन कई लोग अब भी निर्देशों की अनदेखी कर रहे थे। इसी के मद्देनजर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए डहला मोड़ से लेकर दरौली गांव के पास तक बाजार के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटवाया। वहीं दक्षिणी लेन की सर्विस लेन के किनारे बसे अनुसूचित जनजाति के लोगों के अस्थायी आवासों को फिलहाल नहीं हटाया गया है। इस संबंध में प्रभारी अंचलाधिकारी मनेन्द्र कुमार एवं थाना अध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि प्रभावित परिवारों के लिए पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए इसे जनहित में आवश्यक बताया है। इस अभियान में शामिल थाना प्रभारी गिरीश कुमार प्रभारी अंचल पदाधिकारी मनेन्द्र कुमार प्रखंड विकास अधिकारी ऋचा मिश्रा तथा अन्य सुरक्षा बल के जवान उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट