सरसों के खेत में महिला की निर्मम हत्या, पूरी रात मृत मां के शव के पास पड़ा रहा मासूम

रिपोर्ट संदिप कुमार 


कैमूर :- जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत जैदपुर पंचायत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां यादव मोड़ के समीप शुक्रवार सुबह सरसों के खेत में एक महिला का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस हत्याकांड का सबसे हृदयविदारक पहलू यह रहा कि मृतका का एक साल का दूधमुंहा बच्चा पूरी रात अपनी मृत मां के शव के पास ही पड़ा रहा। मृतका की पहचान खड़ीहा मुसहर टोला निवासी उपेंद्र मुसहर की पत्नी पिंकी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिंकी देवी अपने पति के साथ स्वयं सहायता समूह का पैसा निकालने के लिए गई हुई थीं। बताया जा रहा है कि देर शाम घर लौटने के दौरान सुनसान रास्ते का फायदा उठाते हुए अज्ञात बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में पिंकी देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हत्यारे वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए, जबकि महिला का मासूम बच्चा पूरी रात कड़ाके की ठंड में अपनी मां के शव के पास पड़ा बिलखता रहा। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे जब कुछ ग्रामीण खेत की तरफ गए, तो उन्हें एक बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में जब ग्रामीण सरसों के खेत में पहुंचे, तो वहां महिला का शव देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भगवानपुर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रोते हुए बच्चे को सुरक्षित वहां से हटाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

इस निर्मम हत्याकांड के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। वहीं, मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट