पारा लीगल वालंटियर का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न


रोहतास।गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित नारायण विधि संकाय में पैरवी एवं नारायण विधि संकाय के संयुक्त बैनर तले पारा लीगल वालंटियर का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में विधि के छात्रों के साथ-साथ समुदाय से जुड़े कुल लगभग 50 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की।

प्रशिक्षण सत्र में संसाधन व्यक्ति सुनील झा द्वारा अपनाई गई प्रशिक्षण विधि की प्रतिभागियों ने विशेष रूप से सराहना की। उनके सहज एवं व्यावहारिक प्रस्तुतीकरण से किशोर न्याय कानून को समझना प्रतिभागियों के लिए अत्यंत सरल और उपयोगी सिद्ध हुआ। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम को लागू हुए 10 वर्ष पूरे हो चुके हैं, और इस अवधि में कानून के विकास, उद्देश्य एवं प्रभावों को विस्तार से समझाया गया।

कार्यक्रम में किशोर न्याय बोर्ड और बाल कल्याण समिति की कार्यप्रणाली, उनकी भूमिका एवं अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह भी बताया गया कि प्रशिक्षु पारा लीगल वालंटियर न्याय तक पहुंच के मुद्दे पर किस प्रकार जमीनी स्तर पर कार्य कर सकते हैं और बच्चों के अधिकारों के संरक्षण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रमाणपत्र वितरण नारायण विधि संकाय के संकायाध्यक्ष प्रोफेसर डा.विनोद कुमार सरोज, पैरवी के दीनबंधु वत्स एवं संतोष उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम के आयोजकों ने प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट