अपना पूर्वांचल महासंघ के वाराणसी जिला प्रभारी नियुक्त हुए बिपिन शीतलाप्रसाद उपाध्याय

पूर्वांचल के विकास को मिलेगी नई दिशा, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में होगी सक्रिय पहल : दुबे

वाराणसी: पूर्वांचल के समग्र विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्यरत संस्था अपना पूर्वांचल महासंघ ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बिपिन शीतलाप्रसाद उपाध्याय को वाराणसी/काशी जिले का जिला प्रभारी नियुक्त किया है। इस आशय की घोषणा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट अशोक कुमार दुबे द्वारा एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से की गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट अशोक दुबे ने कहा कि उपाध्याय की जनसंपर्क में दक्षता, सामाजिक कार्यों के प्रति सक्रियता, संगठनात्मक समझ और जनकल्याण के प्रति उनकी निष्ठा को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा गया है। संगठन को विश्वास है कि वे न केवल संगठन की गरिमा को बनाए रखेंगे, बल्कि अपने कुशल नेतृत्व से पूर्वांचल में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

दुबे ने कहा कि अपना पूर्वांचल महासंघ लंबे समय से पूर्वांचल क्षेत्र के समग्र विकास हेतु सक्रिय है। संगठन के प्रमुख उद्देश्य हैं शिक्षा का प्रचार-प्रसार, युवाओं को व्यवसायिक प्रशिक्षण देना, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना, बेरोजगारों के लिए रोजगारमूलक योजनाओं का संचालन, सरकारी योजनाओं की जानकारी और सहभागिता को गाँव-गाँव तक पहुँचाना तथा समाज के वंचित तबकों को सशक्त बनाना। अब इन सभी योजनाओं का संचालन और निगरानी वाराणसी जनपद में बिपिन उपाध्याय के मार्गदर्शन में की जाएगी। संगठन ने उन्हें जिले स्तर पर सह-संयोजकों की नियुक्ति करने का अधिकार भी सौंपा है, जिससे टीम को विस्तार और कार्यों को गति मिलेगी। इसके साथ ही वे शासन और प्रशासन के बीच एक मजबूत संवाद सेतु का कार्य करेंगे, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँच सके।

राष्ट्रीय अध्यक्ष एड. अशोक कुमार दुबे ने कहा कि उपाध्याय की यह नियुक्ति संगठन के लिए एक नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा लेकर आएगी। उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि उपाध्याय "हर घर आत्मनिर्भर, हर गांव सक्षम" के लक्ष्य को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूर्वांचल की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए संगठन की योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारना अब जिला प्रभारी के रूप में उपाध्याय की प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों, सहयोगी संगठनों एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने उपाध्याय को बधाई देते हुए आशा जताई कि उनका अनुभव, समर्पण और नेतृत्व क्षमता संगठन को जन-जन से जोड़ेगी और पूर्वांचल में नवनिर्माण की एक मजबूत आधारशिला रखेगी।बिपिन उपाध्याय की यह नियुक्ति वाराणसी सहित सम्पूर्ण पूर्वांचल क्षेत्र के लिए एक शुभ संकेत मानी जा रही है। सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों एवं युवाओं में इस निर्णय को लेकर उत्साह है और सभी को उम्मीद है कि वे अपने कार्यकाल में पूर्वांचल महासंघ को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट