
कल्याण में शिवसेना शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Mar 24, 2025
- 143 views
पूर्व नगरसेवक पर महिला कार्यकर्ता का हमला, वीडियो वायरल
कल्याण: सड़क के कंक्रीटीकरण के श्रेय को लेकर शिवसेना शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि यह मारपीट में बदल गया। शिवसेना शिंदे गुट की महिला कार्यकर्ता रानी कपोते ने पूर्व नगरसेवक और शिवसेना उपशहर प्रमुख मोहन उगले को रास्ते में रोककर थप्पड़ जड़ दिया। यही नहीं, वह करीब आधे घंटे तक उगले के साथ मारपीट करती रहीं। इस दौरान वहां मौजूद लोग तमाशा देखते रहे, और इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना कल्याण पश्चिम के मोहिंदर सिंह काबूल सिंह इलाके में हुई, जहां एक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया था। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक विश्वनाथ भोईर के पुत्र वैभव भोईर उपस्थित थे। इस दौरान मोहन उगले और कई महिला कार्यकर्ता मौजूद थीं। तभी वहां रानी कपोते भी पहुंचीं और दावा किया कि इस सड़क निर्माण के लिए उन्होंने प्रयास किए हैं। वहीं, उगले ने भी दावा किया कि यह काम उनके प्रयासों से स्वीकृत हुआ है। इसी को लेकर दोनों में कहासुनी हुई और मामला गरमा गया। रानी कपोते ने इस विवाद को मन में रख लिया और अगले दिन दोपहर में अहिल्याबाई चौक पर जब उनकी मोहन उगले से मुलाकात हुई तो मामला और भड़क गया। कपोते ने उगले पर अभद्रता और गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उगले के आंख में गंभीर चोट लगी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना के बाद कल्याण शिवसेना शिंदे गुट में हलचल मच गई है। शिवसेना जिलाध्यक्ष अरविंद मोरे ने कहा कि "चाहे कोई भी हो, हिंसा गलत है और पुलिस को इस पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। महिला हो या पुरुष, मारपीट करना उचित नहीं है।"इस घटना का आगामी मनपा चुनावों पर असर पड़ने की भी चर्चा हो रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही कार्रवाई होने की संभावना है।
रिपोर्टर