
भिवंडी पूर्व विधानसभा में संतोष शेट्टी के चुनाव कार्यालय का भव्य उद्घाटन
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 09, 2024
- 580 views
सांसद नरेश म्हास्के मेरे चाणक्य व रूपेश म्हात्रे कृष्ण -- संतोष शेट्टी
भिवंडी। भिवंडी पूर्व विधानसभा सीट पर महायुति शिवसेना शिंदे गुट के उम्मीदवार संतोष शेट्टी के चुनाव कार्यालय का भव्य उद्घाटन कल्याण नाका में किया गया। इस अवसर पर सांसद नरेश म्हास्के, पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल,विधायक महेश चौघुले और पूर्व विधायक रूपेश म्हात्रे ने कार्यक्रम में शिरकत की और संतोष शेट्टी के समर्थन में अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल ने अपने संबोधन में कहा कि आज संतोष शेट्टी के चेहरे पर संतोष और आत्मविश्वास झलक रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक रूपेश म्हात्रे ने शेट्टी का समर्थन कर महायुति को एकजुट किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि चुनाव के समय "राम मंदिर, कमल का फूल और धनुष बाण" के निशान को हमेशा याद रखें और एकजुट होकर आगे बढ़ें।
विधायक महेश चौघुले ने शेट्टी को भिवंडी का "भूमिपुत्र" बताया और कहा कि इस चुनाव में विकास के मुद्दे पर ही आगे बढ़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भिवंडी में मेट्रो, बस स्टॉप,पुल और आरसीसी सड़कों जैसे विकास कार्यों का श्रेय महायुति सरकार को जाता है।
सांसद नरेश म्हास्के ने कहा कि पूर्व विधायक रूपेश म्हात्रे का शिवसेना में स्वागत है और यह कि महायुति एकजुट है और भिवंडी का विकास ठाणे शहर की तर्ज पर करने का सपना है। उन्होंने मुख्यमंत्री की "लाडकी बहना योजना" का भी उल्लेख किया और कहा कि इसका लाभ भिवंडी की जनता को अवश्य मिलेगा।
संतोष शेट्टी ने अपने भाषण में नरेश म्हास्के को अपना "चाणक्य" बताते हुए उनके मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि रूपेश म्हात्रे के शिवसेना में शामिल होने से एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है, और वे भिवंडी के विकास के लिए पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। वे मेरे लिए कृष्ण है जो सत्य की लड़ाई में पांडवों के साथ खड़े थे।
पूर्व विधायक रूपेश म्हात्रे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर विश्वास जताया और कहा कि वे उपनेता के रूप में अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने शिवसेना में अपने सफर को याद किया और संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
इस उद्घाटन समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल, विधायक महेश चौघुले, शिवसेना (शिंदे गुट) के उपनेता रूपेश म्हात्रे, ठाणे जिला ग्रामीण शिवसेना प्रमुख अरुण पाटिल, भिवंडी भाजपा अध्यक्ष एडवोकेट हर्षल पाटिल, मदन बुआ नाईक, विकास निकम, और अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। महायुति के घटक दलों के सभी प्रमुख नेता, भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट), राकांपा (अजित पवार गुट), आरपीआई (आठवले गुट), पदमशाली संगठन, श्रमजीवी संगठन और अन्य संगठनों के सदस्य भारी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम में भारी संख्या में समर्थक, महिला और पुरुष पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने संतोष शेट्टी को समर्थन देते हुए महायुति की जीत के प्रति विश्वास जताया।
रिपोर्टर