
अनमय बचाओ अभियान' एक पुनीत कार्य -हृदय प्रसाद सिंह 'रानू'
- संदीप मिश्र, ब्यूरो चीफ जौनपुर
- Sep 15, 2022
- 332 views
जौनपुर समोधपुर ।। श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज समोधपुर में 'अनमय बचाओ अभियान' कार्यक्रम चलाया गया। इस मुहिम में कॉलेज के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। गांधी स्मारक विद्यालय संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह 'रानू' ने अनमय बचाओ अभियान' को एक पुनीत कार्य बताया। उन्होंने समस्त शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा आम जनमानस से इस पुण्य कार्य में भागीदार बनने और परोपकार की इस मुहिम में शामिल होने और मुहिम को आगे बढ़ाने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। प्रबंधक ने सभी शिक्षकों व छात्र छात्राओं का आह्वान किया कि ऐसी समस्याएं किसी को, कभी भी और कहीं भी आ सकती हैं इसलिए चाहे जो भी हो अपनी सामर्थ्य के अनुसार मनुष्य होने के नाते एक दूसरे का सहयोग करें।
पूर्व प्रधानाचार्य रणजीत सिंह ने बताया कि एसएमए टाइप वन एक मस्कुलर डिस्ट्रॉफी है जो मांसपेशियों से जुड़ी बीमारी है। गंभीर बीमारी में मांसपेशियां कार्य करना बंद कर देती हैं और शरीर की वृद्धि और विकास रुक जाता है। उन्होंने कहा कि इस बीमारी का इंजेक्शन अमेरिका में उपलब्ध है जिसमें करीब 16 करोड रुपए लगते हैं। उन्होंने बताया कि मानव ही मानव की सहायता कर सकता है किंतु जंतुओं में यह भावना कम दिखाई पड़ती है। पीड़ितों और जरूरतमंदों की सेवा करना ईश्वर की सच्ची सेवा और आराधना है। उदार हृदय के लोग बिना किसी भेदभाव के हर जरूरतमंद और गरीब व्यक्ति की निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं जबकि कृपण लोगों का धन व्यर्थ की फिजूलखर्ची और अनैतिक कार्यों में व्यय होता है और अच्छे कार्यों में उनके धन का सदुपयोग नहीं होता है । उन्होंने कहा कि यदि कोई एक रुपए की मदद करता है तो उसके साथ साथ दुआएं भी शामिल होती हैं ।यदि हम मानवता के लिए कुछ करना चाहते हैं तो रोते हुए के आंसू पोछने का कार्य करें।
प्रधानाचार्य विनोद सिंह ने परोपकार को भारत की सनातन संस्कृति और सभ्यता वाला देश बताया जहां इसे दैवीय गुणों की श्रेणी में स्थान दिया गया है। प्रधानाचार्य ने छात्रों को अपने संबोधन में बताया कि मनुष्य स्वार्थ से प्रेरित होकर अधिकांश कार्य करता है किंतु कुछ कार्य दूसरों की भलाई के लिए भी होते हैं जो तन मन और धन से किए जा सकते हैं।कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता विनय कुमार त्रिपाठी ने किया।मौके पर डॉ. रमेश चंद्र सिंह, डॉ अरविंद सिंह , डॉ अविनाश वर्मा, डॉ नीलमणि सिंह, डॉ अवधेश मिश्रा, इंद्र बहादुर सिंह ,संतोष कुमार सिंह, डॉ अजय कुमार सिंह ,डीडी शर्मा कृष्ण मोहन श्रीवास्तव ,अरुण कुमार मौर्य ,राम बख्श सिंह, नवीन सिंह, पुष्पेंद्र बहादुर सिंह , लाल बहादुर, सोभनाथ यादव ,जितेंद्र कुमार सिंह बबलू, अरविंद सिंह सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर