
भिवंडी के स्वामी श्री गंभीरानंद आश्रम में स्वस्थ,सुंदर एवं सुखमय जीवन के लिए शिविर का आयोजन
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 02, 2022
- 765 views
60 साधकों को किया गया पुरस्कृत
भिवंडी।। भिवंडी के ताडाली पाइप लाइन स्थित स्वामी श्री गंभीरानंद मिशन द्वारा स्वस्थ,सुखमय एवं सुंदर जीवन की उपलब्धि के लिए एक अनुपम प्रयास किया गया। जिसके तहत 10 दिवसीय आध्यात्मिक विज्ञान आधारभूत प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। जिसमें प्रातः स्मरणीय प.पू. सदगुरुदेव स्वामी श्री गंभीरानंद सरस्वती जी महाराज द्वारा श्रीमद्भगवदगीता जीवन दर्शन पर आधारित 27 साधकों को प्रशिक्षित किया गया। जिसमें ध्यान कैसे करें,प्रश्न और समाधान के साथ मनुष्य जीवन,सृष्टि चक्र का रहस्य,दुःखों का कारण एवं उससे मुक्ति,आत्मा की वास्तविकता,ध्यान में परमसुख,मानसिक तनाव से मुक्ति,युग परिवर्तन एवं अवतारवाद की यथार्थता,जीवन जीने की कला,लोक-परलोक और मृत्यु के बाद,कर्म की वासन एवं परमशांति की प्राप्ति के बारे में प्रशिक्षित किया गया।
15 जुलाई से 25 जुलाई तक आयोजित इस प्रशिक्षण के बाद स्वामी श्री गंभीरानंद आश्रम के अष्टांगयोग केंद्र में प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें प.पू. स्वामी श्री गंभीरानंद सरस्वती जी महाराज, ब्रह्मचारी श्री प्रेमस्वरूप चैतन्य जी महाराज एवं बतौर मुख्य अतिथि स्वामी श्री अवधूतानंद जी महाराज मौजूद थे। 10 दिवसीय आध्यात्मिक विज्ञान आधारभूत प्रशिक्षण के बाद लिखित एवं मौखिक दो परीक्षाएं ली गई थी। जिसमें लिखित परीक्षा में विजय शाह ने प्रथम स्थान एवं डॉ. प्रियंका ताथेड़ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह मौखिक परीक्षा में भूषण चौधरी ने प्रथम स्थान एवं समीर माली एवं स्वप्नाली चौधरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। स्वामीजी महाराज द्वारा प्रथम एवं द्वितीय स्थान पाने वाले सहित प्रशिक्षण में शामिल सभी साधकों को प्रमाण पत्र देकर उन्हें पुरस्कृत किया गया।
इसी तरह ब्रह्मचारी श्री प्रेमस्वरूप चैतन्य जी महाराज द्वारा ज्ञान प्रवेशिका संस्कृत बाल शिक्षा एवं श्रीमद्भगवद्गीता के प्रथम अध्याय का स्वाध्याय कराया गया था। जिसमें 35 साधक शामिल थे। जिसमें श्रीमद्भगवद्गीता के प्रथम अध्याय के स्वाध्याय के लिए हुई परीक्षा में आश्रम में संगीत की शिक्षिका दीपमाला विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान एवं कृति तिवारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। संस्कृत बाल शिक्षा में डॉ.अल्पेश चौधरी ने प्रथम स्थान एवं हिंदू शक्ति वाहिनी के अध्यक्ष श्रीनिवास कोंगारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। स्वामी जी महाराज द्वारा सभी साधकों को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. कुलदीपसिंह राठौर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रह्मचारी शरणागतजी,डॉ. अल्पेश चौधरी,शेखर अलूवाला,राजेश झा सहित अन्य साधकों ने विशेष परिश्रम किया।
रिपोर्टर