कलेक्टर ने सघन दौरा कर संस्थागत प्रसव और टीकाकरण पर जोर दिया ग्राम टीकोद, सुल्तानिया, भैंसवा माता, देवलीमान जागीर गाँव का दौरा किया


तलेन

कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने प्रातः कालीन क्षेत्र भ्रमण के तीसरे दिन कड़कड़ाती ठंड में प्रातः 6ः00 बजे राजगढ़ से निकलकर विभिन्न ग्रामों में पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास की सेवाओं का जायजा लिया। नियमित टीकाकरण एवं स्थानीय शासकीय चिकित्सालय में संस्थागत प्रसव पर जोर दिया।

इस दौरान एस.डी.एम. श्री संदीप अष्ठाना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. यदु, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्रीमती सुनीता यादव, सी.ई.ओ. जनपद सारंगपुर मुकेश जैन, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर आदि उपस्थित रहे।

कलेक्टर सर्वप्रथम सारंगपुर तहसील के दूरस्थ ग्राम टीकोद पहुंचे

कलेक्टर ने ग्राम आरोग्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को दवा वितरण, संस्थागत प्रसव आदि की जानकारी ली। सी.एच.ओ. सुश्री ममता कड़वे ने बताया कि यहां पर 15 से 20 प्रस्ताव प्रतिमाह होते हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने प्रसव के लिए प्रतीक्षारत महिला श्रीमती सुनीता भिलाला से बातचीत की। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष प्रकट किया।

कलेक्टर श्री सिंह ने सभी प्रस्तुताओं को शासन की ओर से नाश्ता एवं दोनों समय का खाना मेन्यु अनुसार दिए जाने की व्यवस्था करवाई। अब प्रसूता को नियमित रूप से नाश्ता और भोजन मिलेगा।

कलेक्टर ने टीकोद में ही संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने नियमित रूप से टीकाकरण, सत्ता, आगामी टीकाकरण की तारीख रजिस्ट्रर में अंकित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह गांव के ही कुपोषित बच्चे के घर पहुंचे। उन्होंने बच्चे की मां को उचित देखभाल तथा पौष्टिक भोजन कराने की समझाइश दी। उन्होंने चिकित्सकों को भी बच्चे के स्वास्थ्य परीक्षण कर इलाज के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ग्राम सुल्तानिया पहुंचे। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन व परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉफ के नियमित निवास करने संस्थागत प्रसव शुरू करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने ग्राम भैंसवा माता पहुंचकर उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सी.एच.ओ. को मुख्यालय पर निवास करने की सख्त हिदायत दी। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी का निरीक्षण कर टीकाकरण, किशोरी बालिकाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शाला त्यागी के अलावा शाला में जाने वाली किशोरी बालिकाओं को भी आयरन की टेबलेट वितरित करें। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि भैंसवा माता में एक भी बच्चा कुपोषित नहीं है। टीकाकरण समय पर हो रहा है। 

सघन निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम देवली मान जागीर पहुंचकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। आंगनवाड़ी केंद्र में भी पहुंचकर टीकाकरण की जानकारी ली। कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। जिससे लोगों को संस्थागत प्रसव की सुविधाएं मिल सकें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट