
मनपा चुनाव अपने दम पर लड़ने का राष्ट्रवादी कांग्रेस का इशारा
- एबी न्यूज, संवाददाता
- Jun 12, 2022
- 648 views
कल्याण ।। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कल्याण जिलाध्यक्ष जगन्नाथ शिंदे (अप्पा) नें कल्याण डोंबिवली मनपा का आगामी चुनाव खुद के बल पर लड़ने का इशारा दिया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस के 23 वें स्थापना दिवस के मौके पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह स्पष्ट किया है। इस समय बोलते हुए जगन्नाथ शिंदे ने कहा कि राज्य की सत्ता में हम सभी एकसाथ हैं आगामी कल्याण डोंबिवली मनपा चुनाव को लेकर भी वरिष्ठों द्वारा उनके स्तर पर चुनाव एकसाथ लड़ने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है लेकिन यदि प्रयास असफल भी होता है तो राकांपा अपने दम पर मनपा चुनाव में मैदान में उतरेगी। राकांपा द्वारा चुनाव में 27 फीसदी ओबीसी कोटे में कडोमनपा में टिकट दिए जाएंगे हालांकि न्यायालय में ओबीसी आरक्षण के बाबत वाद प्रलंबित है लेकिन राकांपा इस विषय पर स्पष्ट है।
जगन्नाथ शिंदे नें कहा कि मनपा चुनाव में राकांपा के लोग घर घर जाएंगे तथा नागरिकों को उनके हक के लिए जागृत करने का काम करेंगे। राष्ट्रवादी के स्थापना दिवस समारोह के रूप में 16 जून तक वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, आरोग्य शिविर, वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने का कार्यक्रम व पर्यावरण समेत अन्य विषयों पर जागृत करने का काम किया जाएगा।
राष्ट्रवादी कांग्रेस में गुटबाजी पर सवाल करने पर जगन्नाथ शिंदे नें कहा कि हम सभी एकसाथ हैं कोई भी गुटबाजी राष्ट्रवादी में नही है, हमारे सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एक साथ काम करके राष्ट्रवादी कांग्रेस को मजबूत करेंगे। इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्षा सारिका गायकवाड़, जिला सचिव प्रशांत माली, कल्याण विधानसभा अध्यक्ष संदीप देसाई, कार्याध्यक्ष उदय जाधव व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर