ठाणे पुलिस मुख्यालय पर धरना देगा अपनी ही बहु और सेंट्रल पुलिस स्टेशन से प्रताड़ित लिफ्ट मैकेनिक

ठाणे(रविशंकर मिश्रा) ।। उल्हासनगर के शांतिनगर निवासी और पेशे से लिफ्ट मैकेनिक अशोक सरोज का कहना है कि जितना उनकी बहू दिव्या माने ने उनके साथ अत्याचार किया है उतना ही उल्हासनगर की सेन्ट्रल पुलिस ने भी। अब वे ठाणे पुलिस मुख्यालय के सामने धरना देंगे। उनकी मांग है कि दिव्या माने के साथ-साथ सीनियर इंस्पेक्टर सुधाकर सुराडकर, इंस्पेक्टर राजेंद्र कोते, असिस्टेंट इंस्पेक्टर दीपक शिंदे तथा दो अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हो। 

9 जून 2021 को ही पत्र लिखकर सरोज ने धरना देने की सूचना पुलिस के आला अधिकारियों को दे दी है। 

मिली जानकारी अनुसार 13 मई 2021 को दिव्या माने ने सेन्ट्रल पुलिस स्टेशन में अर्जी दी थी कि उसे अपने ससुर अशोक सरोज के बंद घर पर कब्ज़ा करना है। पुलिस स्टेशन ने अर्जी तो स्वीकार कर ही ली साथ में दो कांस्टेबल्स भी भेज दिए, जिनके सामने दिव्या माने ताला तोड़कर घर में घुस गई। पड़ोस की औरतों ने जब इसका विरोध किया तो कांस्टेबल्स ने धमकी दी कि पुलिस के काम में अड़चन पैदा करने का उनके ऊपर केस कर देंगे। 

मीडिया की दखलंदाजी के बाद अम्बरनाथ डिवीजन के एसीपी विनायक नरले ने इंक्वायरी की। सरोज की पड़ोसनों ने भी विनायक नरले को स्टेटमेंट दिया कि कांस्टेबल्स के सामने दिव्या माने ने ताला तोड़ा लेकिन विनायक नरले ने भी मामले में कोई एक्शन नहीं लिया। 

मीडिया में फैली खबर के बाद थोड़ा शर्मिंदा हुए राजेंद्र कोते और दीपक शिंदे ने पहले तो अशोक सरोज से तमीज़ से बात करना शुरू किया। पहले वे उन्हें दूर से देखकर भगा देते थे। फिर बताया कि दिव्या माने खतरनाक औरत है। उसकी बहुत बड़े बड़े लोगों से पहचान है। तुम उससे समझौता कर लो। अंत में सलाह दी कि खुद ही ताला तोड़कर घुस जाओ। 

इस भरी बरसात में अशोक सरोज बेघर हो गए हैं। पड़ोसी के घर में शरण लिए हुए हैं। सब जानते हुए भी सेन्ट्रल पुलिस उनके साथ न्याय नहीं कर रही। अशोक सरोज कहते हैं की सेन्ट्रल पुलिस स्टेशन का चक्कर लगाते-लगाते वे खुद शर्मिंदा हो गए हैं लेकिन पुलिस को शर्म नहीं आई। अब वे ठाणे पुलिस मुख्यालय के सामने धरना देंगे।   

अशोक सरोज के वकील दीपक मिश्रा का कहना है कि अशोक सरोज ठाणे पुलिस मुख्यालय के सामने धरना तो देंगे ही। मैं सुधाकर सुराडकर, राजेंद्र कोते, दीपक शिंदे और दो अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ रॉबरी, ट्रेसपासिंग और एट्रोसिटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करवाऊंगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट