सहयोग पोर्टल' एवं हेल्पलाइन नंबर 1100 का भव्य शुभारंभ डीएम ने आनलाइन भाग लिया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 11, 2026
- 47 views
रोहतास ।बिहार सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु सरकार की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गयी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा 'सहयोग पोर्टल' एवं सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 'सबका सम्मान, जीवन आसान' निश्चय के तहत लोगों की शिकायतों का प्रभावी निपटारा करना है। पटना के मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' कक्ष में आयोजित इस मुख्य समारोह का जिलास्तर पर सीधा प्रसारण किया गया। रोहतास जिले में समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में इस कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी उदिता सिंह,उप विकास आयुक्त विजय कुमार पाण्डेय तथा अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी ललितभूषण रंजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के शुभारंभ को लाइव देखा और इसकी कार्यप्रणाली को समझा। इस नई व्यवस्था के तहत अब जनता अपनी समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुँचा सकेगी।
हेल्पलाइन नंबर 1100 पर कोई भी नागरिक सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे के बीच इस टोल-फ्री नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। सहयोग पोर्टल ऑनलाइन माध्यम से कभी भी अपनी शिकायत दर्ज करने की सुविधा के साथ ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के माध्यम से आमजन को घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध होगी। पोर्टल पर आवेदन दर्ज होने के उपरांत आवेदक को तत्काल एक रसीद-पावती भी प्राप्त होगी,जिसके माध्यम से वे अपने आवेदन की स्थिति एवं निष्पादन की प्रगति को ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। शिकायतों के निष्पादन के उपरांत आवेदक द्वारा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फीडबैक एवं टिप्पणी भी दर्ज की जा सकेगी,जिससे शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाया जा सकेगा। 19 मई से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जायेगा और निश्चित दर्ज शिकायतों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किये जाने के साथ ही आवेदक को इसकी लिखित सूचना भी दी जायेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इस पोर्टल और हेल्पलाइन के माध्यम से आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस माध्यम से पारदर्शिता बढ़ेगी और आम लोगों को अपनी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारी और अन्य प्रशासनिक कर्मचारी भी उपस्थित रहे,जिन्हें पोर्टल के रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम के बारे में जानकारी दी गयी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील किया है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु सहयोग हेल्पलाइन एवं सहयोग पोर्टल का अधिकाधिक उपयोग करें तथा सरकार की इस जनोपयोगी पहल का लाभ उठायें।


रिपोर्टर